गुना।जिले के बमोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रामपुर गणेशपुरा के पास भूरा का चक में बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े चाकूबाजी की वारदात को अंजाम दिया है। इस सनसनीखेज हमले में एक ऑटो चालक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, पेशे से ऑटो चालक गोविंद लोधा अपने साथी रवि लोधा के साथ जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में मिले दो अज्ञात व्यक्तियों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते आरोपियों ने ताबड़तोड़ चाकूबाजी कर दी। हमले में गोविंद लोधा और रवि लोधा दोनों बुरी तरह घायल हो गए।
घटना के तुरंत बाद घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने गोविंद लोधा को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल रवि लोधा का इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही बमोरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जिला अस्पताल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू कर दिया है।
----------------------------------
बिना लाइसेंस की डेयरी यूनिट सील, मिठाईयों के साथ 5 घरेलू सिलेंडर जप्त
गुना खाद्य सुरक्षा विभाग एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम ने एसडीएम अमित सोनी के मार्गदर्शन में तहसीलदार अनुराग जैन के साथ खाद्य प्रतिष्ठानों के निरीक्षण एवं सैंपल लेने की कार्यवाही की।
जांच दल ने ग्राम बेराखेड़ी तहसील राघौगढ़ में बिना लाइसेंस की चल रही डेयरी यूनिट से पनीर, मावा एवं दूध के सैम्पल लेकर फैक्ट्री को सील किया गया। तहसील रोड़ राघौगढ़ स्थित भगत नमकीन भंडार से मावा एवं पेड़ा, दीपक जैन स्वीट्स से मावा एवं बर्फी, कलर होटल से मावा बर्फी एवं गुलाब जामुन एवं रामनगर चौराहा स्थित अंबिका बीकानेर मिष्ठान भंडार से मावा एवं मलाई बर्फी के सैंपल्स जांच हेतु जप्त किए। सभी सैंपल्स राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला को भेजे जा रहे हैं। जिनकी जांच रिपोर्ट आने पर आगे की वैधानिक कार्यवाही की जावेगी। संयुक कार्यवाही में आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने भगत नमकीन भंडार से 01 तथा दीपक जैन स्वीट्स राघौगढ़ से 04 घरेलू सिलेंडर भी जब्त किए।
संयुक्त टीम में खाद्य सुरक्षा अधिकारी नवीन जैन, रवि कुमार शिवहरे, सहायक आपूर्ति अधिकारी श्रीमती खुशबू शुक्ला शामिल रहे।
--------------------------
नल से बोतल में पानी भरा , पानी की बोतल में निकला सांप
गुना। गुना जिला अस्पताल में बुधवार को एक पानी की बोतल में सांप का बच्चा निकलने का मामला सामने आया है। पानी की बोतल में सांप के बच्चे का वीडियो मौके पर मौजूद व्यक्ति ने बनाया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया, वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। बताया गया है कि मरीज के अटेंडर ने मंदिर परिसर में लगे नल से बोतल में पानी भरा था और जब वो बोतल अस्पताल के अंदर लेकर आया तो सांप का बच्चा नजर आया।
छीरखेड़ा निवासी देवेंद्र धाकड़ के परिजन अस्पताल में भर्ती हैं। आरोप है कि उनके अटेंडर ने बुधवार सुबह 9.30 बजे परिसर के शिवालय के पास लगे नल से बोतल में पानी भरा और बोतल वार्ड में ले आए। वार्ड में जैसे ही मरीज को पानी देने के बोतल उठाई तो उसके अंदर सांप का बच्चा दिखाई दिया। पानी की बोतल में सांप के बच्चे को देख अटेंडर ने तुरंत आसपास मौजूद लोगों को इसके बारे में बताया और मोबाइल से वीडियो भी बनाया।
लोगों का कहना है कि अस्पताल परिसर की पानी की टंकी या पाइपलाइन में सांप के बच्चे होने की आशंका है, जिससे यह पानी की बोतल तक पहुंचा होगा। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद मरीजों और उनके परिजनों ने अस्पताल की सफाई और पानी की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जांच की मांग की है। उनका कहना है कि अस्पताल जैसे संवेदनशील स्थान पर पानी की स्वच्छता और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। इस मामले में जिला अस्पताल प्रबंधन का पक्ष जानने के लिए अस्पताल के सहायक प्रबंधक डॉ. सूरज सिंह को कई बार कॉल किया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया।
मरीजों के अटेंडरों का कहना है कि यदि नल के अंदर से सांप का बच्चा पानी की बोतल तक पहुंचा है तो ये बहुत गंभीर मामला है। इससे यह प्रतीत होता है कि अस्पताल परिसर में मरीजों व अटेंडरों को जिन टंकियों के पेयजल का उपयोग किया जा रहा है, उनकी या तो लंबे समय से सफाई नहीं हुई है या फिर सिर्फ कागजों में ही टंकियों की साफ-सफाई हो रही है? उनका आरोप है कि यह स्थिति कहीं न कहीं अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही दर्शाती है।
---------------------------
हथियारों के साथ तीन गिरफ्तार, ...जुए के दो फड़ों पर दबिश , 08 जुआरियों पर कार्यवाही
गुना। गुना चांचौड़ा थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए मारुति ओमनी कार में अवैध धारदार हथियार एवं चिड़ियांमार बंदूक ले जा रहे तीन संदिग्धों को पकड़ा है ।
दिनांक 25 अगस्त 2026 को चाचौड़ा थाना अंतर्गत बीनागंज चौकी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि सफेद रंग की एक मारुति ओमनी वैन में कुछ संदिग्ध व्यक्ति बीजनीपुरा से गोया रोड़ की ओर जा रहे हैं । सूचना को गंभीरता से लेते हुए बीनागंज चौकी से तत्काल पुलिस टीम रवाना की गई । टीम द्वारा तुरंत गोया रोड पर पहुंचकर वाहन चेकिंग प्रारंभ की गई । कुछ ही समय बाद उक्त संदिग्द कार के आने पर पुलिस द्वारा उसे रोककर चेक किया गया ।
कार के आगे नंबर प्लेट नहीं थी तथा पीछे RJ17 UA 6452 अंकित था । कार में तीन व्यक्ति सवार मिले, जिनसे पूछताछ करने पर उन्होंने अपने नाम 1-गोविन्द पुत्र गंगाराम बागरी (मोंगिया) उम्र 22 वर्ष, 2-सोनू पुत्र जमुना लाल बागरी एवं 3-रवि पुत्र वीरचन्द्र बागरी उम्र 23 वर्ष निवासीगण गरबोलिया थाना मनोहरथाना जिला झालावाड़ (राजस्थान) के बताये । पुलिस टीम द्वारा कार की बारीकी से तलाशी लेने पर उसमें लोहे की एक धारदार फर्सी, लोहे का एक बका एवं एक चिड़ियांमार बंदूक बरामद हुई ।
फर्सी एवं बका रखने के संबंध में आरोपियों से वैध लाइसेंस प्रस्तुत करने को कहा गया, लेकिन उनके पास कोई वैध लाइसेंस नहीं पाया गया । इसके बाद पुलिस द्वारा उक्त हथियारों एवं घटना में प्रयुक्त मारुति ओमनी कार को विधिवत जप्त किया जाकर उनके विरुद्ध चाचौड़ा थाने में अप.क्र. 277/26, धारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई है ।
--------------------------------
जुए के दो फड़ों पर दबिश , 08 जुआरियों पर कार्यवाही, नगदी सहित ताश की गड्डियां बरामद
गुना चाचौड़ा थाना पुलिस द्वारा अलग-अलग स्थानों पर जुए के दो फड़ों पर दबिश देकर कुल 08 जुआरियों के विरूद्ध कार्यवाही करते हुए कुल 10,120 नगदी एवं ताश की गड्डियां बरामद की गईं । वहीं सट्टा पर्ची काट रहे एक सट्टेवाज पर भी कार्यवाही कर उसके कब्जे से 2,720/-रूपये नगदी एवं सट्टा सामग्री बरामद की गई है ।
दिनांक 25 अगस्त 2026 की शाम चांचौड़ा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बाघेश्वर तिराहे के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं । थाना क्षेत्र में जुए की सूचना के मिलते ही चाचौड़ा थाना पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ खेल रहे तीन जुआरियों को पकड़ लिया गया, पूछताछ में उन्होंने अपने नाम 1-संजू पुत्र हरिसिंह मीना उम्र 38 वर्ष निवासी बीनागंज, 2-शिवकुमार पुत्र रामराज मीना उम्र 38 वर्ष निवासी बीनागंज एवं 3-वीरेन्द्र पुत्र अंगदलाल कलावत उम्र 45 वर्ष निवासी चाचौड़ा के बताए । पुलिस ने मौके से 4,500/-रूपये नगदी एवं ताश की एक गड्डी विधिवत जप्त कर जुआरियों के विरुद्ध चांचौड़ा थाने में अप.क्र. 275/26, धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई ।
इसी प्रकार दिनांक 26 अगस्त 2026 को दोपहर के समय चांचौड़ा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि बीनागंज के गोकुलनगर में ईंट-भट्टों के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं । सूचना पर पुलिस टीम ने तत्परता से कार्यवाही करते हुए मौके पर दबिश दी और जुआ खेल रहे पांच आरोपियों को दबोच लिया गया । पूछताछ में उनके द्वारा अपने नाम 1-लाखन पुत्र रामस्वरूप अहिरवार उम्र 24 वर्ष निवासी गोकुलनगर बीनागंज, 2-कान्हा पुत्र बाबूलाल विश्वकर्मा उम्र 25 वर्ष निवासी बीनागंज, 3-दिनेश पुत्र जयनारायण प्रजापति उम्र 34 वर्ष निवासी बीनागंज, 4-अरविन्द पुत्र जयनारायण प्रजापति उम्र 32 वर्ष निवासी बीनागंज एवं 5-अशोक पुत्र वैजनाथ प्रजापति उम्र 43 वर्ष निवासी कुम्हार मौहल्ला बीनागंज थाना चांचौड़ा के बताए । पुलिस ने मौके से 5,620/-रूपये नगदी एवं ताश की एक गड्डी विधिवत जप्त कर जुआ खेल रहे पांचों जुआरियों के विरुद्ध चाचौड़ा थाने में धारा 13 जुआ एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्यवाही की गई ।
इसी क्रम में दिनांक 25 अगस्त 2026 को चांचौड़ा मरघटशाला के पास एक व्यक्ति द्वारा लोगों को एक रुपये के बदले 90 रुपये देने का प्रलोभन देकर सट्टा खिलाने की मुखबिर सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्यवाही करते हुए मौके पर सट्टा पर्ची काट रहे आरोपी जगदीश पुत्र दौलतसिंह मीना उम्र 45 वर्ष निवासी बीनागंज थाना चाचौड़ा को पकड़ लिया गया । पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सट्टे के 2,720/-रूपये नगदी सहित अन्य सट्टा सामग्री विधिवत जप्त कर उसके विरुद्ध चाचौड़ा थाने में अप.क्र. 276/26, धारा 4(क) सट्टा अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई